दिसम्बर 18, 2025 2:25 अपराह्न

printer

भारत की विविधता, इसकी संस्कृति का मजबूत आधार है: प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत की विविधता, इसकी संस्कृति का मजबूत आधार है। श्री मोदी ने कहा कि भारतीयों के लिए हर दिन नए रंग लेकर आता है, हर मौसम एक नया त्योहार बन जाता है, हर परंपरा एक नए विचार के साथ आती है।
 
 
प्रधानमंत्री आज ओमान की अपनी यात्रा के दूसरे दिन मस्कत में मैत्री पर्व कार्यक्रम में भारतीय समुदाय और छात्रों को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जहां भी जाते हैं और जहां भी रहते हैं, वे विविधता का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी सह-अस्तित्व और सहयोग का जीता जागता उदाहरण हैं।
 
 
ओमान में भारतीय शिक्षा प्रणाली के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘मैत्री पर्व’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री ने मैत्री पर्व को समुद्री विरासत, आकांक्षाओं, नवाचार, विश्वास, प्रौद्योगिकी, सम्मान और समावेशी विकास के रूप में वर्णित किया। उन्होंने कहा कि मैत्री पर्व दोनों देशों की मित्रता, उनके साझा इतिहास और समृद्ध भविष्य का उत्सव है।
 
 
इससे पहले, आज सवेरे प्रधानमंत्री ने मस्कत में आयोजित भारत-ओमान व्यापार शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। सम्‍मेलन में दोनों देशों के शीर्ष उद्योगपति शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह शिखर सम्मेलन दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा और गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि व्‍यापार जगत, मांडवी और मस्कत को जोड़ने वाली ऐतिहासिक समुद्री विरासत का उत्तराधिकारी है। उन्होंने कहा कि भारत और ओमान के बीच मित्रता समय के साथ और प्रगाढ होती जा रही है।
 
 
 
राजनयिक संबंधों के 70 वर्षों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह साझेदारी विश्वास और मित्रता पर आधारित है। उन्‍होंने कहा कि अब यह साझा विरासत पर केंद्रित एक समृद्ध भविष्य की ओर अग्रसर है।
 
 
 
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए इस दिन को ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भारत और ओमान व्यापार और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे।
 
 
 
इससे पहले, ओमान के वाणिज्य मंत्री कैस बिन मोहम्मद अल यूसुफ ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए दोनों देशों के बीच सुदृढ ऐतिहासिक संबंधों और भविष्य के विकास के लिए साझा दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला।
 
 
 
आज बाद में, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, ओमान के सुल्तान हैशम बिन तारिक से उनके महल में मुलाकात करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
 
 
हमारे संवाददाता ने बताया कि केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा ओमान के वाणिज्य मंत्री कैस बिन मोहम्मद अल यूसुफ बहुप्रतीक्षित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। इस दौरान शीर्ष उद्योगपति भी मौजूद रहेंगे।