भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सनशाइन कोस्ट में आयोजित 66वें अंतर्राष्ट्रीय गणितीय ओलंपियाड-आईएमओ-2025 में तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किये है। होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र द्वारा आज मुम्बई में जारी की गई एक विज्ञप्ति में विजेताओं के नाम दिये गये हैं। इनमें दिल्ली के कनव तलवार और आरव गुप्ता तथा महाराष्ट्र के आदित्य मंगुडी ने स्वर्ण पदक, कर्नाटक के एबेल जॉर्ज मैथ्यू और दिल्ली के आदिश जैन ने रजत पदक जीता है। वहीं, दिल्ली के अर्चित मानस ने कांस्य पदक हासिल किया। 69 महिला भागीदारों सहित कुल 630 विद्यार्थियों ने इस प्रतिस्पर्धा में भागीदारी की। 1998 के बाद भारत ने दूसरी बार आईएमओ में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किये हैं। भारत ने 2024 में चार स्वर्ण जीतकर इतिहास रचा था। 1989 में अपनी शुरूआत से भारत ने 23 स्वर्ण पदक जीते हैं। इनमें से भारत ने 12 स्वर्ण पदक 2019 और 2025 के बीच हासिल किया है। इसमें पिछले तीन वर्षों में नौ स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारत ने इस वर्ष विश्व में सातवां स्थान हासिल किया है। भारत ने 252 अंकों में से अब तक का सबसे अधिकतम अंक 193 प्राप्त किया है।
Site Admin | जुलाई 19, 2025 9:20 अपराह्न
भारत ऑस्ट्रेलिया में आयोजित आईएमओ 2025 में जीते तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक
