फ़रवरी 14, 2026 8:17 पूर्वाह्न

printer

भारत-एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होंगे विश्व के शीर्ष नेता

16 फरवरी से 20 फरवरी तक नई दिल्‍ली में प्रस्‍तावित भारत- ए आई इम्‍पैक्‍ट सम्‍मेलन में 20 देशों के नेता शामिल होंगे। इनमें फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुअल मैक्रों, ब्राजील के राष्‍ट्रपति लूला डी सिल्‍वा, स्‍पेन के राष्‍ट्रपति पेड्रो सांचेज, स्विट्जरलैंड के राष्‍ट्रपति गे परमेलिन, नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक स्‍कूफ, संयुक्‍त अरब अमीरात के शहजादे शेख खालिद बिन मोहम्‍मद, मॉरिशस के प्रधानमंत्री डॉ नवीन चंद्र रामगुलाम, श्रीलंका के राष्‍ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके, सेशेल्‍स के उपराष्‍ट्रपति सेबास्टियन पिल्‍ले और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिन तोगबे शामिल हैं।  

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सम्‍मेलन में बोलिविया, क्रोएशिया, फिनलैंड, ग्रीस, गयाना, कजाकिस्‍तान, लिसटैनस्‍टेन, सर्बिया और स्‍लोवाकिया के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इसके अलावा सम्‍मेलन में 45 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव और कई अंतर्राष्‍ट्रीय संगठनों के वरिष्‍ठ अधिकारी भी चर्चा में शामिल होंगे। भारत-ए.आई. इम्पैक्ट सम्‍मेलन 2026 आटिफिशियल इंटेलिजेंस पर वैश्विक सहयोग में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। यह वैश्विक दक्षिण में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन है। यह शिखर सम्मेलन 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली में आयोजित होगा।