भारत इस वर्ष 20 से 24 नवंबर तक गोवा में पहले विश्व ऑडियो विजुअल मनोरंजन शिखर सम्मेलन – वेव्स की मेजबानी करेगा। आज दिल्ली में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े फिल्म निर्माता देशों में से एक है। उन्होंने कहा कि वेव्स भारत के मीडिया और मनोरंजन उद्योग के भविष्य को आकार देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वेव्स भारत के मनोरंजन उद्योग के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि मीडिया और मनोरंजन उद्योग में अधिक नौकरियां पैदा करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि मीडिया और मनोरंजन जगत संरचनात्मक बदलाव के दौर से गुजर रहा है।