फ़रवरी 24, 2026 9:20 अपराह्न

printer

भारत-इस्राइल मुक्त व्यापार समझौते के लिए वार्ता का पहला दौर जारी

भारत-इस्राइल मुक्त व्यापार समझौते  के लिए वार्ता का पहला दौर कल नई दिल्ली में शुरू हुआ और बृहस्‍पतिवार तक चलेगा। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने उद्घाटन सत्र के दौरान, इस बात पर जोर दिया कि समझौता वार्ता ऐसे समय में शुरू हुई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल दो दिन की यात्रा पर  इस्राइल जा रहे हैं।

श्री अग्रवाल ने नवाचार, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी, कृत्रिम मेधा, साइबर सुरक्षा, उच्च-तकनीकी विनिर्माण, कृषि और सेवाओं जैसे क्षेत्रों में दोनों पक्षों के लिए उपलब्ध महत्वपूर्ण अवसरों पर बल दिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मुक्त व्यापार समझौता   दोनों देशों को इन अवसरों का पूरा लाभ उठाने में सक्षम बनाएगा।

भारत के मुख्य वार्ताकार अजय भादू और वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव ने दोनों पक्षों को एक संतुलित समझौते पर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि  विकसित होती साझेदारी के लिए  दूरदर्शी ढांचा तैयार किया जा सके।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि यह वार्ता भारत-इस्राइल द्विपक्षीय संबंधों के रणनीतिक महत्व को उजागर करती है और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं तथा वैश्विक आकांक्षाओं के अनुरूप आर्थिक साझेदारियों को मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है।

मुक्त व्यापार समझौते  के लिए संदर्भ की शर्तों पर पिछले साल नवंबर में हस्ताक्षर किए गए थे, जिसमें व्यापार तथा आर्थिक सहयोग को बढ़ाने के लिए चिन्हित क्षेत्रों पर चर्चा के लिए एक संरचित ढांचा स्थापित किया गया था।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला