भारत-अमरीका व्यापार समझौते सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के विरोध के बाद लोकसभा को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया है। दोपहर 12 बजे जब पहले स्थगन के बाद सदन की बैठक हुई, तो कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस-टीएमसी और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम -डीएमके के विपक्षी सदस्य फिर से सदन के बीचोबीच आ गए और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे। पीठासीन अधिकारी ने सदस्यों से सदन को चलने देने का आग्रह किया। विपक्ष के हंगामे के बीच, मंत्रियों ने अपने-अपने मंत्रालयों के कागजात रखे। अध्यक्ष द्वारा बार-बार अपील किए जाने के बावजूद, विपक्षी सदस्यों ने अपना विरोध जारी रखा, जिसके बाद सदन को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया। केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा सदन के कामकाज में सूचीबद्ध थी, लेकिन विपक्ष के लगातार विरोध के कारण इसे नहीं लिया जा सका।
इससे पहले, जब लोकसभा दिन के लिए जब एकत्रित हुई, तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू करने की कोशिश की। लेकिन, विपक्षी सदस्य सदन के बीचोबीच आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। श्री बिरला ने विपक्षी सदस्यों के व्यवहार पर चिंता व्यक्त की और उनसे सदन को चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि संसद के बजट सत्र के दौरान सदन में व्यवधान के कारण सदन के 19 घंटे से अधिक बर्बाद हो गए हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्ष पर जानबूझकर सदन में व्यवधान पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने सदस्यों से सदन की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने का आग्रह किया। श्री बिरला ने कहा कि देश की जनता ने सदस्यों को सदन में सार्थक चर्चा के लिए चुना है, लेकिन विपक्षी सदस्य नारे लगाकर और तख्तियां दिखाकर सदन को बाधित कर रहे हैं। फिर भी विपक्षी सदस्यों ने अपना विरोध जारी रखा, जिसके कारण सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
दूसरी ओर, दिन भर के लिए अंतिम रूप से स्थगित होने से पहले राज्यसभा में सामान्य कामकाज किया गया। सदन दिन की कार्यवाही के लिए एकत्रित हुआ, तो सदन के सदस्यों ने शून्यकाल के दौरान सार्वजनिक महत्व के मामलों को उठाया। फिर सदन ने प्रश्नकाल शुरू किया, जिसमें अश्विनी वैष्णव और शिवराज सिंह चौहान सहित कई मंत्रियों ने पूरक प्रश्नों के उत्तर दिए। दोपहर 2 बजे जब भोजन के बाद सदन की बैठक हुई, तो राज्यसभा ने निजी सदस्य विधायी कार्य शुरू किया। विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यों ने अपने निजी सदस्य विधेयक पेश किए। बाद में, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने सदन को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया। दोनों सदन सोमवार को सुबह 11 बजे फिर मिलेंगे।