भारत और अमरीका ने अवैध मादक पदार्थों के गैर-कानूनी उत्पादन और तस्करी को समाप्त करने के लिए द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने के प्रति वचनबद्धता दोहराई है। दोनों पक्षों ने अमरीका में भारत-अमरीका मादक पदार्थ नीति कार्यकारी कार्यसमूह की बैठक के दौरान वैश्विक मादक पदार्थ चुनौती समाधान निकालने के लिए मुलाकात की थी।
विदेश मंत्रालय ने बताया है कि बैठक के दौरान राष्ट्रीय मादक पदार्थ नियंत्रण कार्यालय की निदेशक सारा कार्टर ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी ने मादक पदार्थ तस्करी से होने वाली आतंकी गतिविधियों का सफाया करने तथा सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के प्रति वचनबद्धता व्यक्त की। अमरीका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने कहा कि भारत ने मादक पदार्थों की तस्करी की समस्या के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
दोनों पक्षों ने फार्मास्युटिकल आपूर्ति श्रृंखला को सुरक्षित रखने के लिए एकजुट प्रयास के महत्व पर जोर दिया।