मार्च 17, 2026 1:57 अपराह्न

printer

भारत, अमरीका और ईरान के बीच तनाव कम करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है: फ़िनलैंड के राष्ट्रपति

फ़िनलैंड के राष्ट्रपति, अलेक्जेंडर स्टब ने सुझाव दिया है कि भारत, अमरीका और ईरान के बीच तनाव कम करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के मद्देनजर तत्काल युद्धविराम का आह्वान किया है। एक टीवी साक्षात्कार में, श्री स्टब ने कहा कि संघर्ष के समाधान के लिए संवाद और कूटनीतिक प्रयासों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत, इसके लिए अच्छी स्थिति में है।

उनका ये बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम-एशिया में तनाव बढ़ने के बीच भारत, ईरान  के साथ सक्रिय रूप से बातचीत कर रहा है। भारत, क्षेत्रीय स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्र में अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है और घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रहा है।

श्री स्टब की ये टिप्पणियां उनकी हाल की भारत की राजकीय यात्रा के बाद आई हैं। उन्होंने नई दिल्‍ली मे रायसीना डॉयलाग में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया था।