प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-अमरीका अंतरिम व्यापार समझौता फ्रेमवर्क को एक बड़ी खुशखबरी बताया है। उन्होंने दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों के प्रति व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद भी दिया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह फ्रेमवर्क दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी, विश्वास और गतिशीलता को दर्शाता है।
श्री मोदी ने कहा कि यह समझौता देश के मेहनती किसानों, उद्यमियों, लघु और मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप और मछुआरों के लिए भी नए अवसर खोलकर मेक इन इंडिया पहल को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा। श्री मोदी ने कहा कि भारत और अमरीका नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह फ्रेमवर्क निवेश और प्रौद्योगिकी साझेदारी को और गहरा करेगा। उन्होंने कहा कि यह फ्रेमवर्क लचीली और भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाओं को भी मजबूत करेगा और वैश्विक विकास में योगदान देगा।