मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

अक्टूबर 12, 2025 4:48 अपराह्न

printer

भारतीय सेना 14 अक्तूबर से नई दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र सैन्य योगदानकर्ता देशों के प्रमुखों के सम्मेलन की करेगी मेजबानी

 

भारतीय सेना इस महीने की 14 तारीख से नई दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र सैन्य योगदानकर्ता देशों के प्रमुखों के सम्मेलन की मेजबानी करेगी। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 32 देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी एक साथ आएंगे। दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सैन्य योगदान देने वाले देशों के प्रतिनिधिमंडलों के कल राष्ट्रीय राजधानी पहुँचने की उम्मीद है।

 

एक बयान में, रक्षा मंत्रालय ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र मिशनों में सबसे बड़े योगदानकर्ताओं में से एक के रूप में, भारत परिचालन चुनौतियों, उभरते खतरों पर विचार-विमर्श करने, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने और भविष्य की शांति स्थापना पर साझा समझ बनाने के लिए इस उच्च-स्तरीय मंच का आयोजन कर रहा है। यह सम्मेलन वसुधैव कुटुम्बकम के सिद्धांत को दर्शाता है।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और शांति अभियानों के अवर महासचिव जीन पियरे लैक्रोइक्स कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। पूर्ण सत्र में प्रमुख और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख अपने विचार रखेंगे। सम्मेलन के दौरान साझा क्षमता निर्माण, द्विपक्षीय और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए रक्षा प्रदर्शनियाँ भी आयोजित की जाएँगी।

 

सम्मेलन में अल्जीरिया, आर्मेनिया, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भूटान, ब्राज़ील, बुरुंडी, कंबोडिया, मिस्र, इथियोपिया, फिजी, फ्रांस, घाना, इटली, कज़ाकिस्तान, केन्या, किर्गिस्तान, मेडागास्कर, मलेशिया, मंगोलिया, मोरक्को, नेपाल, नाइजीरिया, पोलैंड, रवांडा, श्रीलंका, सेनेगल, तंजानिया, थाईलैंड, युगांडा, उरुग्वे और वियतनाम भाग लेंगे।