जून 12, 2024 5:11 अपराह्न

printer

भारतीय सेना ने आज कारगिल युद्ध में जीत के 25 वर्ष पूरे होने की याद में एक पैन-इंडिया मोटरसाइकिल अभियान शुरू किया

भारतीय सेना ने आज एक पैन-इंडिया मोटरसाइकिल अभियान शुरू किया, जो 1999 के कारगिल युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत के 25 वर्ष पूरे होने की याद में एक यात्रा है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह अभियान देश के वीर सैनिकों के महत्वपूर्ण योगदान को प्रदर्शित करने और उनकी विरासत का सम्मान करने का कार्य करता है। आठ-आठ मोटरसाइकिल चालकों की तीन टीमें देश के तीन कोनों- असम के दिनजान, गुजरात के द्वारका और तमिलनाडु के धनुषकोडी से इस ऐतिहासिक यात्रा पर निकली हैं। ये अलग-अलग इलाकों और चुनौतीपूर्ण मार्गों को पार करेंगी, जो सशस्त्र बलों की एकता और लचीलेपन का प्रतीक हैं। मंत्रालय ने कहा कि ये करगिल युद्ध के नायकों, दिग्गजों और वीर नारियों तक पहुंचेंगी। वे रास्ते में युद्ध स्मारकों पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जागरूकता बढ़ाएंगे और युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। टीमें इस महीने की 26 तारीख को दिल्ली में जुटेंगी।