जनवरी 23, 2026 6:45 अपराह्न

printer

भारतीय सशस्त्र बल ऑपरेशन सिंदूर : संयुक्तता से विजय शीर्षक से एक त्रि-सेवा झांकी प्रस्तुत करेंगे

भारतीय सशस्त्र बल इस वर्ष कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली 77वें गणतंत्र दिवस परेड में ऑपरेशन सिंदूर : संयुक्तता से विजय शीर्षक से एक त्रि-सेवा झांकी प्रस्तुत करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि झांकी में भारत के विकसित सैन्य सिद्धांत को दर्शाया जाएगा। इस झांकी में संयुक्त अभियानों, सटीक हमलों और स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

मंत्रालय ने कहा कि यह झांकी प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण और देश के 2047 तक विकसित भारत की ओर अग्रसर होने को दर्शाती है। प्रस्तुति की शुरुआत भारतीय नौसेना द्वारा समुद्री प्रभुत्व के प्रदर्शन से होगी। इसके बाद भारतीय सेना के एम-777 अल्ट्रा-लाइट हॉवित्जर और आकाश वायु रक्षा प्रणाली एकीकृत युद्धक्षेत्र शक्ति का प्रतीक होंगे।

झांकी में निर्बाध त्रि-सेवा समन्वय, वास्तविक समय में खुफिया जानकारी साझा करने और न्यूनतम समानान्‍तर क्षति के साथ निर्णायक प्रतिक्रिया पर बल दिया गया है। यह आतंकवाद के विरुद्ध भारत के दृढ़ संकल्प का स्पष्ट संदेश भी देती है और स्वदेशी रक्षा प्रणालियों की बढ़ती ताकत को प्रदर्शित करती है।