भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण-यूआईडीएआई ने देशभर के 1 लाख 3 हजार से अधिक स्कूलों में यह प्रक्रिया पूरी कर ली है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि इस अभियान से लगभग 12 लाख स्कूली छात्रों को अपने स्कूल परिसर में ही आसानी से आधार कार्ड में अनिवार्य बायोमेट्रिक सत्यापन -एमबीयू पूरा करने में मदद मिली है। मंत्रालय ने बताया कि इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए चार हजार मशीनें उपयोग में हैं और यूआईडीएआई इस संख्या को और बढ़ाने की प्रक्रिया में है ताकि इस कार्य की गति को और तेज किया जा सके।
यूआईडीएआई ने पिछले वर्ष सितंबर में स्कूली बच्चों के लिए मिशन मोड एमबीयू अभियान शुरू किया था। बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक सत्यापन अपडेट रखने से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और छात्रवृत्तियों के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए प्रमाणीकरण में सहायता मिलती है। इससे उन्हें नीट, जेईई, सीयूईटी और अन्य जैसी प्रतियोगी और विश्वविद्यालय परीक्षाओं के पंजीकरण प्रक्रिया में भी मदद मिलती है।