फ़रवरी 26, 2026 5:03 अपराह्न

printer

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण और गूगल के बीच गूगल मैप पर अधिकृत आधार केंद्र प्रदर्शित को लेकर समझौता

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण – यूआईडीएआई और गूगल ने गूगल मैप पर अधिकृत आधार केंद्रों को प्रदर्शित करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने  कहा है कि इस कदम से देशभर के निवासियों के लिए पहुंच आसान और सुविधाजनक होगी। मंत्रालय ने कहा है कि इससे दिव्यांग-अनुकूल बुनियादी ढांचा, पार्किंग सुविधाओं की उपलब्धता और संचालन समय जैसी सुविधाओं सहित केंद्र की पहुंच से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी, जिससे निवासियों को और अधिक सुविधा मिलेगी। यूआईडीएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार ने कहा कि इस सहयोग से आधार नंबर धारकों के लिए जीवन आसान होगा और अधिकृत आधार केंद्रों तक पहुंचना अब तेज और पारदर्शी होगा।

मंत्रालय ने कहा है कि यह सुविधा आने वाले महीनों में उपलब्ध होने की आशा है। इस सहयोग का उद्देश्य जन सुविधा को बढ़ाना, गलत सूचनाओं का मुकाबला करना और यह सुनिश्चित करना है कि निवासियों को देशभर में 60 हजार से अधिक आधार केंद्रों और आधार सेवा केंद्रों तक निर्बाध पहुंच प्राप्त हो।