भगवान बुद्ध के पवित्र देवनीमोरी अवशेष आज भारतीय वायु सेना के विशेष सी-130 जे विमान से कोलम्बो पहुंचे। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल भी इन पवित्र अवशेषों के साथ कोलम्बो गया है। श्रीलंका के बुद्धशासन मंत्री सुनील सेनेवी और लोक प्रशासन मंत्री प्रोफेसर ए.एच.एम.एच. अबेरत्ना ने उनका स्वागत किया। इन पवित्र अवशेषों का यह पहला अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शन है और इन्हें 10 फरवरी तक गंगारामया मंदिर में स्थापित किया जाएगा, जहां हजारों श्रद्धालु इनके दर्शन करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अप्रैल 2025 में श्रीलंका की यात्रा के दौरान इस प्रदर्शनी की घोषणा की थी। यह पहल बौद्ध विरासत को दुनिया के साथ साझा करने और वैश्विक बौद्ध विरासत के एक प्रमुख संरक्षक के रूप में भारत की भूमिका को दर्शाती है।