जुलाई 10, 2025 7:59 पूर्वाह्न

printer

भारतीय रेल ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में नौ हजार से ज्‍यादा नियुक्ति पत्र जारी किये

 
 
 
भारतीय रेल ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में नौ हजार से ज्‍यादा नियुक्ति पत्र जारी किये हैं। रेलवे ने कहा है कि जारी वित्त वर्ष के अंत तक 50 हजार से ज्‍यादा नौकरियों के प्रस्‍ताव दिये जाएंगे। 
 
 
रेलवे भर्ती बोर्ड ने नवंबर 2024 से अब तक कुल 55,197 रिक्तियों की भर्ती को कवर करते हुए सात अलग-अलग अधिसूचनाओं में एक करोड़ 86 लाख से अधिक उम्मीदवारों के लिए कंप्यूटर-आधारित परीक्षाएं आयोजित की हैं। बड़े पैमाने पर ली जा रहीं परीक्षाएं, एक व्यापक भर्ती कैलेंडर का हिस्सा हैं और 2024 से अब तक एक लाख आठ हजार रिक्तियों की घोषणा की जा चुकी हैं। रेलवे अगले वित्त-वर्ष में अपने भर्ती प्रयासों का विस्तार करने की भी योजना बना रहा है, जिसमें वित्त-वर्ष 2026-27 में 50,000 और नियुक्तियां होने की उम्मीद है।
 
 
इस तरह बड़े पैमाने पर कंप्यूटर-आधारित परीक्षा आयोजित कराना एक जटिल प्रक्रिया है। उम्मीदवारों के लिए इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए रेलवे ने उम्मीदवारों के निवास स्थान के नजदीक परीक्षा केंद्र आवंटित किए हैं। महिला और दिव्‍यांग उम्‍मीदवारों को विशेष वरीयता दी गई है।
 
 
प‍रीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए रेलवे ने उम्मीदवारों के सत्यापन के लिए आधार-आधारित ई-केवाईसी प्रमाणीकरण शुरू किया है। रेल मंत्रालय ने इस डिजिटल पहचान सत्यापन प्रणाली के कार्यान्वयन में 95% से अधिक की सफलता दर की सूचना दी है। इसके अतिरिक्त, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से नकल रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक जैमर की शत-प्रतिशत तैनाती सुनिश्चित की गई है।