भारतीय रेलवे ने चालू वित्त वर्ष की पहली तीन तिमाहियों में पूंजीगत व्यय का 80 प्रतिशत से अधिक उपयोग किया है। रेल मंत्रालय ने बताया है कि दिसंबर 2025 के अंत तक कुल 2 लाख 52 हजार दौ सौ करोड़ रुपये के कुल बजट से 2 लाख 3,238 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। मंत्रालय ने कहा कि यह व्यय मुख्य रूप से सुरक्षा उपायों, क्षमता वृद्धि, बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं पर केंद्रित रहा है।
मंत्रालय ने कहा कि पिछले एक दशक में लगातार पूंजीगत व्यय मंत्रालय द्वारा की गई विभिन्न पहलों में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। इनमें 164 वंदे भारत और, 30 अमृत भारत रेलगाड़ीयों की शुरुआत, कवच स्वचालित रेलगाड़ी सुरक्षा प्रणाली का कार्यान्वयन, 99 प्रतिशत से अधिक ब्रॉड-गेज नेटवर्क का विद्युतीकरण और नई लाइनों, गेज रूपांतरण, ट्रैक दोहरीकरण, यातायात सुविधाओं, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में निवेश और महा नगरीय परिवहन प्रणालियों से संबंधित प्रमुख कार्य शामिल हैं।