भारतीय रेलवे ने आगामी होली के त्योहार के दौरान यात्रियों की सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने देश भर में 64 होली स्पेशल रेलगाडि़यां चलाने का फैसला किया है। यह रेलगाडियां पुरानी दिल्ली, नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल सहित कई स्टेशनों से चलेंगी।
उत्तर रेलवे ने बताया कि होली के त्योहार के लिए कल दिल्ली से 20 विशेष रेलगाडि़यों से तीन लाख से अधिक यात्रियों को उनके गृह स्थानों पर भेजा गया। रेलवे ने बताया कि आज और कल की भीड़ को देखते हुए 44 और विशेष रेलगाडि़यां चलाई गई हैं।
इन स्टेशनों पर यात्री प्रतीक्षा क्षेत्र या पंडाल बनाए गए हैं ताकि प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को व्यवस्थित किया जा सके और प्लेटफार्म पर भीड़भाड़ कम किया जा सके। रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर क्या मैं आपकी मदद कर सकता हूं बूथ भी स्थापित किए हैं। यात्रियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्यिक कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है।