भारतीय रेलवे ने आज स्वच्छता पखवाड़ा के तहत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर गहन स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान नालियों और शौचालयों की सफाई पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस दौरान सफाई मशीनों, उपकरणों और सफाई कर्मचारियों के लिए सुरक्षात्मक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
कचरे के अलग-अलग संग्रह के लिए स्टेशनों पर पर्याप्त कूड़ेदान लगाए गए है तथा गीले और सूखे कूड़े के लिए अलग-अलग कूड़ेदानों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा यात्रियों को इन कूड़ेदानों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। इस पखवाड़े का आयोजन लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए किया जा रहा है और यह अभियान 15 अक्टूबर तक चलेगा।