भारतीय रेलवे देश में माल परिवहन की परिभाषा बदल रहा है। माल ढुलाई में तेज़, विश्वसनीय और किफायती समाधान प्रदान करके एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। रेल मंत्रालय ने कहा कि पिछले रविवार को डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क और भारतीय रेलवे के पांच क्षेत्रों के बीच एक ही दिन में कुल 892 इंटरचेंज रेलगाड़ियां संचालित की गईं। इसमें पिछला रिकॉर्ड 4 जनवरी को हासिल की गई 865 रेलगाड़ियों का था।
मंत्रालय ने कहा कि यह उपलब्धि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की बढ़ती परिचालन क्षमता, मजबूत योजना ढांचे और सुदृढ़ यातायात प्रबंधन प्रणालियों को दर्शाती है।
मंत्रालय ने कहा कि यह रिकॉर्ड देश के लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम में सकारात्मक बदलाव को दर्शाता है, जिससे कोयला, सीमेंट, कंटेनर और कृषि उत्पादों की आवाजाही बढ़कर तेज और सुरक्षित हो गई है, साथ ही पारंपरिक रेल नेटवर्क पर भीड़भाड़ कम हुई है।