भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र -आईएनसीओआईएस ने हैदराबाद परिसर में अपना 27वां स्थापना दिवस मनाया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जिन्होंने समुद्र विज्ञान सेवाओं में वैश्विक स्तर पर अग्रणी संस्थान के रूप में संस्थान के विकास को उजागर किया। इस कार्यक्रम में नए संस्थागत लोगो का अनावरण किया गया। साथ ही, तीन नवोन्मेषी डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किए गए जिसमें जेलीफिश निगरानी के लिए जेलीएआईआईपी, समुद्री सलाह के लिए उन्नत समुद्र 2.0 मोबाइल ऐप और तटीय जलभराव की पूर्व चेतावनी के लिए एसआईवीएस प्रणाली शामिल है।
राष्ट्रीय अनुसंधान और नीली अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए, आईएनसीओआईएस ने अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र, आईसीसीएस और एएलईएपी के साथ रणनीतिक समझौतों का आदान-प्रदान किया। यह समारोह मौसम और जलवायु विज्ञान सेवा साझेदारी – डब्ल्यूसीएसएसपी इंडिया की वार्षिक समीक्षा बैठक के साथ हुआ। इसमें भारत और यूके के लगभग सौ विशेषज्ञों ने भाग लिया।