भारतीय नौसेना के दो अधिकारी नाविका सागर परिक्रमा अभियान के दूसरे संस्करण के अंतर्गत दुनिया का चक्कर लगाने के लिए जाएंगे। नई दिल्ली में उद्घाटन समारोह में उप नौसेना प्रमुख, वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने कहा कि भारतीय नौसेना नौकायन पोत तारिणी, लेफ्टिनेंट कमांडर ए. रूपा और लेफ्टिनेंट कमांडर के. दिलना के साथ इस चुनौतीपूर्ण अभियान पर रवाना होंगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान को 2 अक्टूबर को गोवा में एडमिरल दिनेश त्रिपाठी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
वाइस एडमिरल स्वामीनाथन ने नाविका सागर परिक्रमा के दूसरे चरण को भारत की समुद्री विरासत के लिए सशक्तिकरण, नवाचार और प्रतिबद्धता की यात्रा बताया।
बातचीत के दौरान, दोनों अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और लचीलेपन और अदम्य भावना के प्रतीक आगामी अभियान के लिए अत्यधिक विश्वास व्यक्त किया।
यह अभियान आठ महीने की अवधि में केवल पवन ऊर्जा पर निर्भर रहेगा और 21 हजार छह सौ समुद्री मील की दूरी तय करेगा।