भारतीय नौसेना का स्टील्थ युद्धपोत आईएनएस त्रिकंद युद्धाभ्यास ब्राइट स्टार 2025 में भाग लेने के लिए मिस्र के अलेक्जेंड्रिया पहुंच गया है। इस अभ्यास में भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना की टुकड़ियाँ भी भाग लेंगी। यह अभ्यास 10 सितम्बर तक चलेगा। ब्राइट स्टार 2025 थल, नभ और समुद्री क्षेत्रों में आयोजित होने वाला एक बहुपक्षीय अमरीकी मध्य कमान अभ्यास है। इस अभ्यास से क्षेत्रीय सुरक्षा और सहयोग मजबूत होगा साथ ही हाइब्रिड ख़तरों के खिलाफ अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। अभ्यास में अमरीका, मिस्र और भारत के अलावा, सऊदी अरब, कतर, ग्रीस, साइप्रस और इटली की सेनाओं के भी भाग लेने की उम्मीद है।
आईएनएस त्रिकंद इस दौरान द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के लिए कई गतिविधियों में भी शामिल होगा। इनमें वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ चर्चा, क्रॉस-डेक दौरे, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के लिए खेल आयोजन शामिल हैं।