दिसम्बर 29, 2025 10:19 अपराह्न

printer

भारतीय नौसेना का पोत कौंडिन्य पोरबंदर से मस्कत के लिए पहली समुद्री यात्रा पर रवाना

भारतीय नौसेना का पोत कौंडिन्य आज गुजरात के पोरबंदर से ओमान के मस्कत के लिए अपनी पहली समुद्री यात्रा पर रवाना हो गया। पारंपरिक स्वदेशी तकनीक से निर्मित इस पोत को पश्चिमी नौसेना कमान के अधिकारी ने भारत में ओमान के राजदूत और नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में रवाना किया।

इस पोत का निर्माण सदियों पुरानी प्राकृतिक सामग्रियों और विधियों का उपयोग करते हुए पारंपरिक सिलाई वाली पोत निर्माण तकनीक से किया गया है।

रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह ऐतिहासिक अभियान है। इसके जरिए  भारत और ओमान के बीच साझा समुद्री विरासत और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मंत्रालय ने कहा है कि मस्कत में आईएनएसवी कौंडिन्य का पहुंचना दोनों देशों के बीच अटूट मित्रता और आपसी विश्वास का प्रतीक होगा। कौंडिन्‍य का नेतृत्व कमांडर विकास शेओरान कर रहे हैं, जबकि कमांडर वाई हेमंत कुमार प्रभारी अधिकारी के रूप में तैनात हैं। अभियान दल में चार अधिकारी और तेरह नाविक शामिल हैं।