भारतीय निर्वाचन आयोग ने अशोक कुमार को दिल्ली का नया मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। वह आर एलिस वाज़ की जगह कार्यभार संभालेंगे। आयोग ने दिल्ली के मुख्य सचिव को लिखे पत्र में कहा कि श्री कुमार को अविलम्ब दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी का पदभार ग्रहण करना होगा।
निर्वाचन आयोग ने जनवरी में दिल्ली सरकार से मुख्य निर्वाचन अधिकारी के चयन के लिए तीन आईएएस अधिकारियों की सूची सौंपने को कहा था। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार द्वारा निर्वाचन आयोग को भेजी सूची में श्री अशोक कुमार का नाम शामिल था।