नवम्बर 15, 2025 10:21 अपराह्न

printer

भारतीय दूतावासों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाई बिरसा मुंडा की 150वीं वर्षगांठ

दुनिया भर में कई भारतीय राजनयिक मिशनों ने आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया। सिंगापुर में, भारतीय उच्चायुक्त शिल्पक अंबुले ने इस अवसर पर बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। सिंगापुर में भारतीय सामुदायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भारत की जनजातीय विरासत का सम्मान करते हुए इस कार्यक्रम में भाग लिया।

 

 न्यूज़ीलैंड में भारतीय उच्चायुक्त नीता भूषण और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने वेलिंगटन में, बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। नाइजीरिया के आबुजा में भारतीय उच्चायोग ने भी बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई।

 

 हांगकांग में, भारत के महावाणिज्य दूतावास ने बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एक प्रदर्शनी के साथ मनाई। इसमें चित्रकला प्रतियोगिता की प्रविष्टियों को प्रदर्शित किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं में इस प्रतिष्ठित आदिवासी प्रतीक और स्वतंत्रता सेनानी के जीवन और विरासत के साथ-साथ भारत के जनजातीय समुदायों की समृद्ध विरासत के बारे में जागरूकता बढ़ाना था।