भारतीय तटरक्षक बल और श्रीलंका तटरक्षक बल के बीच कल नई दिल्ली में आठवीं उच्च-स्तरीय बैठक हुई। बैठक में समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया, समुद्री खोज और बचाव तथा समुद्री कानून प्रवर्तन के क्षेत्रों में सहयोग के साथ क्षमता निर्माण और तकनीकी सहायता बढ़ाने पर चर्चा हुई। दोनों ने वर्तमान समुद्री चुनौतियों का समाधान करने, समुद्री क्षेत्र में साझा सुरक्षा, संरक्षा और पर्यावरणीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि ने किया। श्रीलंका प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व तटरक्षक बल के महानिदेशक रियर एडमिरल वाई.आर. सेरासिंघे ने किया।