भारतीय डाक विभाग ने स्कूली विद्यार्थियों को यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन, अंतर्राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता 2026 में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। इस वर्ष का विषय है- डिजिटल दुनिया में मानवीय जुड़ाव क्यों महत्वपूर्ण हैं, इस विषय पर अपने मित्र को पत्र लिखें। संचार मंत्रालय ने बताया कि नौ से पंद्रह वर्ष की आयु के विद्यार्थी अंग्रेजी या संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किसी भी भाषा में हस्तलिखित पत्र जमा कर सकते हैं। मंत्रालय ने कहा कि विद्यालय चयनित पत्रों को 20 मार्च तक डाक मंडलों को भेजेंगे। विजेताओं को डाक मंडल और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार दिए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ पत्र भारत का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करेगा।