मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अप्रैल 12, 2024 6:44 अपराह्न

printer

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बाड़मेर में जनसभा को संबोधित किया 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि विपक्षी दल संविधान के नाम पर झूठ की आड़ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान को किसी भी हालत में खत्म नहीं किया जा सकता। गीता, कुरान, बाइबिल सब कुछ इस देश का संविधान है। आज बाड़मेर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के साथ भेदभाव किया और आज संविधान के नाम पर झूठ बोल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को चुनाव में हराया, उन्हें भारत रत्न पुरस्कार से सम्मानित नहीं होने दिया और देश में आपातकाल लगा दिया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाने की शुरुआत उनके कार्यकाल में हुई। बाबा साहेब के पंच प्राणों का विकास भी विगत वर्षों में उनके कार्यकाल में हुआ।

श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस देश को भाषा, क्षेत्र और जाति के आधार पर बांटना चाहती है। कांग्रेस हर उस काम का विरोध करती है जो देश हित में हो। साथ ही वह उस काम के साथ खड़ी है जो देश विरोधी है। उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका घोषणा पत्र बताता है कि इंडी गठबंधन के लोग कितने नफरत से भरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आई एन डी आई गठबंधन की एक पार्टी ने घोषणा की है कि देश के परमाणु हथियारों को नष्ट कर दिया जाना चाहिए। श्री मोदी ने कहा कि आई एन डी आई गठबंधन के सदस्य किसके निर्देश पर यह काम कर रहे हैं, जो भारत को शक्तिहीन बनाना चाहते हैं।

श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश में पांच-छह दशक तक शासन किया, लेकिन किसी भी समस्या का संपूर्ण समाधान नहीं दिया। उन्होंने राजस्थान में जल संकट का समाधान नहीं किया, लेकिन उनकी सरकार ने जल जीवन मिशन शुरू करके इस त्रासदी को खत्म करने की पहल की। उन्होंने कहा कि राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार ने इस योजना में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ईआरसीपी परियोजना को भी लटकाये रखा। लेकिन राज्य में भजनलाल शर्मा सरकार ने 100 दिन के भीतर ही ई.आर.सी.पी. योजना को आगे बढ़ाने का काम शुरू कर दिया।

श्री मोदी ने कहा कि जब कच्छ बदल सकता है तो बाड़मेर भी बदल सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण बाड़मेर रिफाइनरी का काम पूरा नहीं हो सका। लेकिन उनकी सरकार के तीसरे कार्यकाल में बाड़मेर रिफाइनरी का काम पूरा हो जाएगा और वह इसका उद्घाटन करने आएंगे। श्री मोदी ने कहा कि रिफाइनरी से बाड़मेर के विकास को नई गति मिलेगी। किसानों, आदिवासियों, गरीबों और वंचित वर्गों के लिए अपनी सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा में लाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए दुनियाभर में मोटे अनाज को बढ़ावा दिया जा रहा है।

श्री मोदी ने कांग्रेस पर सीमावर्ती गांवों और जिलों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये जिले दशकों से विकास से वंचित हैं। लेकिन उनकी सरकार सीमावर्ती गांवों को देश का पहला गांव मानती है। अब सीमावर्ती गांवों और जिलों में तेजी से बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला