भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर विपक्षी नेता हतोत्साहित हो गये हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी पुराने मतदान रिकॉर्ड तोड़ने के संकल्प के साथ काम करने का आग्रह किया। श्री मोदी ने कहा कि एक मतदान केंद्र कार्यकर्ता को भाजपा का ‘चेहरा’ होने के कारण अपने आसपास के विकास के बारे में जागरूक रहना चाहिए। श्री मोदी ने आज नमो ऐप के माध्यम से एक डिजिटल रैली को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मतदान केंद्र पर रिकॉर्ड जीत दर्ज करने के लिए बूथ स्तर पर उचित और उत्कृष्ट तैयारी करने को कहा। डिजिटल रैली में उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में होने वाले मतदान वाली संभल, बदांयू, बरेली, आंवला, एटा, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद और मैनपुरी लोकसभा सीटों के कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं ने देश के राजनीतिक विशेषज्ञों को गलत सिद्ध कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा कार्यकर्ता मेहनत से नये कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सभी पुराने मतदान रिकॉर्ड तोड़ने के संकल्प के साथ काम करने का आग्रह किया।
श्री मोदी ने सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मतदाताओं को न केवल भाजपा के आदर्शों और संस्कृति से बल्कि अपनी विनम्रता से भी प्रभावित करने का आग्रह किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने काम या व्यवहार से किसी को ठेस न पहुंचाने का आग्रह किया।