भारतीय जनता पार्टी के नेता अनुराग सिंह ठाकुर ने आबकारी नीति घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरिवन्द केजरीवाल पर मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप लगाया है। दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में श्री ठाकुर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा न देने के लिए केजरीवाल की आलोचना की। भाजपा नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता पंजाब में सत्ता में आने पर मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने की बात कहते थे लेकिन संगरूर में जहरीली शराब पीने से 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।
इस बीच, आज श्री केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने जेल में बंद अपने पति का संदेश पढकर सुनाया। संदेश में उन्होंने कहा है कि केजरीवाल चाहे जेल के अंदर हों या बाहर देश की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी जेल उन्हें लम्बे समय तक सलाखों के पीछे नहीं रख सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के अन्दर और बाहर की कई ताकतें भारत को कमजोर करने में लगी हैं।