भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस पर मणिपुर की स्थिति को सनसनीखेज बनाने का आरोप लगाया है। श्री नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मणिपुर हिंसा के संबंध में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को लिखे पत्र के जवाब में यह आरोप लगाया है।
श्री नड्डा ने श्री खरगे को लिखे पत्र में कहा कि 1990 के दशक में मणिपुर में केंद्र और राज्य की कांग्रेस सरकारों के गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण उग्रवादी और हिंसा फैलाने वाले संगठन मणिपुर में काफी मेहनत से अर्जित शांति को अब अपनी आदत के अनुसार भंग करने की कोशिश में लगे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में गोलीबारी और विस्फोट की घटनाएं आम थीं लेकिन आजादी के बाद अब इस क्षेत्र में पहली बार शांति, समृद्धि और प्रगति देखने को मिल रही है।
श्री नड्डा के पत्र के जवाब में कांग्रेस के नेता जयराम रमेश ने कहा है कि मणिपुर के लोग राज्य में जल्द से जल्द स्थिति के सामान्य होने, शांति बहाली और सद्भावना की कामना करते हैं।