अप्रैल 5, 2024 11:43 पूर्वाह्न

printer

भारतीय जनता पार्टी की वरिष्‍ठ नेता एवं केन्‍द्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी ने कल केरल में कासरगोड का दौरा किया

भारतीय जनता पार्टी की वरिष्‍ठ नेता एवं केन्‍द्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी ने कल केरल में कासरगोड का दौरा किया। उन्‍होंने एन डी ए उम्‍मीदवार एम. एल. अश्विनी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस को प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया की राजनीतिक शाखा एस डी पी आई के सहयोग के बिना आम चुनाव का सामना करने की चुनौती दी।

श्रीमती स्‍मृति ईरानी ने सहकारी बैंक घोटालों का भी उल्‍लेख किया जिसमें जनता की करोडों रूपए की धनराशि का घोटाला राज्‍य में कांग्रेस, मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी और भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के स्‍थानीय नेताओं द्वारा किया गया।

उन्‍होंने आरोप लगाया कि आई एन डी आई ए गठबंधन लोगों को धोखा देने के लिए बनाया गया है जबकि नरेन्‍द्र मोदी सरकार का लक्ष्‍य देश का विकास सुनिश्चित करना और इसे दुनिया की तीसरी सबसे बडी आर्थिक शक्ति बनाना है।