मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

सितम्बर 19, 2023 8:39 अपराह्न | Chhattisgarh

printer

भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा से निकली परिवर्तन यात्रा आज कवर्धा पहुंची

भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा से निकली परिवर्तन यात्रा आज कवर्धा पहुंची। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने यात्रा का नेतृत्व कर रहे नेताओं और पदाधिकारियों का स्वागत किया। इस यात्रा में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह और यात्रा प्रभारी शिवरतन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। कवर्धा के बाद इस यात्रा का अगला पड़ाव बेमेतरा में रहा। नगर के बेसिक मैदान में आयोजित आमसभा को असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा सहित प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए डॉक्टर रमन सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के मामले लगातार उजागर हो रहे हैं। इसके बाद दशरंगपुर और भैय्याथान में भी आमसभाएं ली गईं।

इससे पहले, परिवर्तन यात्रा के डोंगरगढ़ पहुंचने पर पार्टी के नेताओं ने वहां स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। यहां यात्रा के प्रभारी शिवरतन शर्मा  और केदार कश्यप सहित अन्य पदाधिकारियों ने पत्रकारवार्ता भी ली। इस अवसर पर शिवरतन शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कुछ विशेष संगठनों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कवर्धा ,बिरनपुर और भिलाई में पिछले दिनों हुई घटना को इसी प्रताड़ना का परिणाम बताया। उधर, जशपुर से निकली परिवर्तन यात्रा आज प्रतापपुर पहुंची। यहां नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने जनघोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा नहीं करते हुए प्रदेशवासियों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों और भ्रष्टाचरियों को संरक्षण दिया जा रहा है। 

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला