भारतीय ओलिम्पिक संघ – आईओए ने 2012 ओलिम्पिक खेलों के पुरुष वर्ग के दस मीटर एयर राइफल स्पर्धा के कांस्य पदक विजेता और चार बार के ओलिम्पिक खिलाड़ी गगन नारंग को मिशन प्रमुख (शेफ डे मिशन) बनाया है। वे 26 जुलाई से शुरू होने वाले पेरिस ओलिम्पिक 2024 में प्रतिस्पर्धा करने वाले भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे। गगन नारंग एम सी मैरीकॉम की जगह लेंगे। बैडमिंटन खिलाड़ी और टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल उद्घाटन समारोह के ध्वजवाहक होंगे।
भारतीय ओलिम्पिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी. टी. ऊषा ने बताया कि मैरीकॉम के इस्तीफे के बाद उप-मिशन प्रमुख गगन नारंग को स्वतः मिशन प्रमुख बनने का विकल्प मिला। डॉ. ऊषा ने घोषणा की कि दो ओलिम्पिक पदक विजेता भारत की एकमात्र महिला खिलाड़ी पी वी सिन्धु उद्घाटन समारोह में शरत कमल के साथ महिला ध्वजवाहक होंगी। डॉ. ऊषा ने यह भी कहा कि मुझे विश्वास है कि हमारे एथलिट पेरिस ओलिम्पिक 2024 में भारत की ओर से अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
छह बार की विश्व चैम्पियन मैरीकॉम ने व्यक्तिगत कारणों से अप्रैल महीने में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें इस वर्ष मार्च महीने में भारतीय ओलिम्पिक संघ ने मिशन प्रमुख बनाया था।
मिशन प्रमुख एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद है। मिशन प्रमुख की प्रतिस्पर्धा में भाग लेने वाले एथलिटों के हितों को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी होती है। मिशन प्रमुख खिलाड़ियों की आवश्यकताओं की देखरेख करने के लिए संचालन समिति के साथ समन्वय स्थापित करता है।