भारतीय एथलीट और पूर्व एशियाई चैंपियन अब्दुल्ला अबूबकर ने कल रात कज़ाकिस्तान के अल्माटी में कोसानोव मेमोरियल-2025 एथलेटिक्स मीट में पुरुषों की ट्रिपल जंप का खिताब जीत लिया है। अबूबकर ने 16.08 मीटर की छलांग लगाकर यह जीत हासिल की। कोरिया गणराज्य के यू ग्यूमिन और किम जंग-वू 16.07 मीटर की छलांग लगाई। यू ग्यूमिन को काउंटबैक के आधार पर दूसरा स्थान दिया गया क्योंकि उन्होंने किम जंग-वू के 15.87 मीटर की तुलना में 15.90 मीटर की दूसरी छलांग लगाई।
अबूबकर अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी कर 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में बने हुए हैं। हालाँकि स्वचालित योग्यता सीमा 17.22 मीटर है। भारतीय खिलाड़ी वर्तमान में विश्व रैंकिंग कोटा के माध्यम से क्वालीफाई करने की होड़ में हैं। क्वालीफाई करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त है।