भारतीय एथलीटों ने ओपन मास्टर्स गेम्स- अबू धाबी 2026 में पुरुष हैमर थ्रो में शानदार प्रदर्शन किया है। किशोरकुमार चंदीरा मोगन ने स्वर्ण पदक और मोहम्मद अंसार ने कांस्य पदक जीता है। किशोरकुमार ने 37.92 मीटर के विजयी थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि अंसार ने कल आयोजित अंतरराष्ट्रीय वेटरन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।
यह प्रतियोगिता अबू धाबी में आयोजित ओपन मास्टर्स गेम्स का ही हिस्सा है, जो पश्चिम एशिया में आयोजित होने वाला पहला प्रमुख बहु-खेल आयोजन है। पारंपरिक वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स के विपरीत, इस संस्करण में पूरी तरह ओपन प्रारूप अपनाया गया है। इसमें 30 वर्ष और उससे अधिक आयु के प्रतिभागियों को योग्यता या कौशल स्तर की बाध्यता के बिना, भाग लेने की अनुमति हैं। आठ दिवसीय इस खेल आयोजन का आज समापन होगा।