जनवरी 8, 2026 5:56 अपराह्न

printer

भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत विकास दर्ज कर रही है: भाजपा प्रवक्ता

भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था मजबूत विकास दर्ज कर रही है। यह वैश्विक चुनौतियों और आर्थिक तथा भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बावजूद विश्‍व में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था बनने की दिशा में लगातार अग्रसर है।
 
नई दिल्‍ली में भाजपा मुख्‍यालय में संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्‍ता गोपाल कृष्‍ण अग्रवाल ने सकल घरेलू उत्‍पाद के अग्रिम अनुमानों का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में अर्थव्‍यवस्‍था विनिर्माण, कृषि और ग्रामीण अर्थव्‍यवस्‍था, श्रम आधारित निर्माण और आवासीय क्षेत्र जैसे कई मुख्‍य क्षेत्रों में वृद्धि का साक्षी बनी है।
 
पार्टी प्रवक्‍ता गोपाल कृष्‍ण अग्रवाल ने कहा कि वस्‍तु और सेवा कर-जीएसटी संग्रह अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों के हिस्‍से के रूप में जीएसटी दरों में व्‍यापक कटौती के बावजूद प्रत्‍येक महीने सतत विकास दर्ज कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और कई देशों के संरक्षणवादी उपायों के बावजूद पिछले वर्ष अप्रैल और सितंबर महीने के बीच निर्यात अब तक के सबसे उच्‍चतम चार सौ 19 अरब डॉलर के स्‍तर तक पहुंच गया है।