जनवरी 23, 2026 7:20 अपराह्न

printer

भारतीय अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन नई दिल्ली में हुआ संपन्न

भारतीय अंतरराष्‍ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्‍मेलन आज नई दिल्‍ली में संपन्‍न हो गया। तीन दिन के सम्‍मेलन में विभिन्‍न देशों के एक सौ से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए। इन देशों में अमरीका, दक्षिण अफ्रीका, मॉलदीव, बोत्‍सवाना, फिजी और चेक गणराज्‍य शामिल हैं।

सम्‍मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार ने दिल्‍ली घोषणा 2026 को पढ़ा, जिसका चुनाव प्रबंधन निकायों ने सर्वसम्‍मति से अनुमोदन किया। चुनाव प्रबंधन निकायों ने मतदाता सूची में शुद्धता, चुनावों का आयोजन, शोध और प्रकाशन, प्रौद्योगिकी का उपयोग और प्रशिक्षण तथा क्षमता निर्माण से जुड़े घोषणा पत्र के पांच स्‍तंभों पर मिलकर काम करने का संकल्‍प लिया।

मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम वाली शुद्ध मतदाता सूची किसी भी लोकतंत्र की नींव हैं। उन्‍होंने कहा कि आसान और पारदर्शी चुनाव के लिए चुनाव प्रबंधन निकायों को सभी मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र प्रदान करने की कोशिश करनी चाहिए।

  मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत प्रशिक्षण और पारदर्शी पद्धतियों के आदान-प्रदान के जरिए सभी क्षेत्रों में, चुनाव से जुड़े अपने व्‍यापक अनुभव को साझा करने का इच्‍छुक है।

    सम्‍मेलन में निर्वाचन आयोग ने विभिन्‍न देशों के कई प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय चर्चाएं की। आकाशवाणी समाचार के साथ विशेष बातचीत में मॉलदीव के निर्वाचान आयोग के अध्‍यक्ष मोहम्‍मद जाहिद ने कहा कि भारत और मॉलदीव ने चुनाव प्रबंधन के प्रमुख आयामों पर विस्‍तृत चर्चा की। उन्‍होंने कहा कि इनमें अनुभव साझा करने, चुनाव अधिकारियों का प्रशिक्षण तथा लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े शोध में सहयोग शामिल है।

    फिजी के निर्वाचन आयोग के अध्‍यक्ष उसाइया रातुविली ने कहा कि भारत ने फिजी को चुनाव से जुड़े क्षमता निर्माण में समर्थन के लिए तकनीकी सहयोग की पेशकश की है।

    सम्‍मेलन में निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया में नागरिकों से संपर्क और भागीदारी आसान बनाने के लिए एक समग्र डिजिटल मंच ई.सी.आई.एन.ई.टी का शुभारंभ किया। यह नागरिकों, उम्‍मीदवारों, राजनीतिक दलों और चुनाव अधिकारियों को चुनाव से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाओं के लिए एक सुरक्षित मंच प्रदान करेगा।