भारतीयों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के लिए आज भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की आलोचना की। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पित्रोदा ने भारत की संस्कृति और पहचान के साथ-साथ देश के लोगों का भी अपमान किया है। श्री त्रिवेदी ने कहा कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव आगे बढ़ रहा है, कांग्रेस बेनकाब होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की विचारधारा लोगों को बांटने वाली है। पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि श्री पित्रोदा की टिप्पणी से कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है।
इससे पहले श्री पित्रोदा ने देश के विभिन्न हिस्सों के भारतीयों की तुलना चीनी, अफ्रीकी, अरब और गोरों से की थी। इस बीच, कांग्रेस ने श्री पित्रोदा की टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया है और कहा है कि भारत की विविधता को दर्शाने के लिए उनके द्वारा दी गई उपमाएं दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस इन उपमाओं से खुद को पूरी तरह अलग करती है।