मार्च 15, 2026 2:03 अपराह्न

printer

भाजपा सरकार के 10 वर्षों में असम पूर्वोत्तर का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बना: गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेतृत्व वाली सरकार के पिछले 10 वर्षों में असम पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए एक प्रमुख स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। इससे निवासियों को इलाज के लिए क्षेत्र से बाहर यात्रा करने की आवश्यकता कम हो गई है। अमित शाह ने गुवाहाटी में स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन के अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। गृह मंत्री ने कहा कि असम भारत का पहला राज्य है जिसने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में प्रोटॉन थेरेपी मशीन को शामिल किया है और विश्व स्तरीय कैंसर उपचार सुविधाएं स्थापित की हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज गुवाहाटी में 2090 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। गृह मंत्री ने गुवाहाटी में प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के साथ-साथ गोलाघाट और तिनसुकिया के कैंसर देखभाल केंद्रों का भी उद्घाटन किया। अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी की 15 वर्षों के शासनकाल के दौरान राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र की उपेक्षा की आलोचना की। उन्होंने दिल्ली में आयोजित भारत-एआई शिखर सम्मेलन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के विरोध प्रदर्शन की भी आलोचना की।

अमित शाह ने दीफू मेडिकल कॉलेज और अस्‍पताल में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्‍पताल में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और बारपेटा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, अभयपुरी जिला अस्पताल और गुवाहाटी में स्वास्थ्य भवन की वर्चुअल आधारशिला भी रखी। गृह मंत्री गुवाहाटी में भाजपा युवा विंग को भी संबोधित करेंगे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला