भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने आज झारखंड के रांची में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र-संकल्प पत्र जारी किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य में यदि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने तो वहां समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी लेकिन जनजातियां इसके दायरे में नहीं आएंगी।
उन्होंने कहा कि संथाल परगना क्षेत्र से बांग्लादेशियों की घुसपैठ रोकने के लिए नियम बनाए जाएंगे क्योंकि इससे राज्य की जनसांख्यिकी में बदलाव हुआ है। श्री अमित शाह ने कहा कि घुसपैठियों ने जनजातीय महिलाओं से विवाह करने के बाद जनजातियों की जमीन छीन ली है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कानून बनने के बाद जनजातियों की भूमि उन्हें लौटा दी जाएगी। श्री अमित शाह ने कहा कि राज्य में प्रत्येक महिला को गोगो-दीदी योजना के अंतर्गत हर महीने 2100 रूपए दिए जाएंगे।
सभी परिवारों को 500 रूपए में एलपीजी सिलेंडर दिया जाएगा और दीपावली तथा रक्षाबंधन के अवसर पर दो सिलेंडर नि:शुल्क दिए जाएंगे। प्रत्येक बेरोजगार स्नातक और स्नातकोत्तर युवा को दो वर्ष तक प्रति माह दो हजार रुपए दिए जाएंगे। श्री अमित शाह ने बताया कि पांच वर्षों में पांच लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकारी नौकरियों के खाली पड़े दो लाख 87 हजार पद, समयबद्ध तरीके से भरे जाएंगे।