भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने दुमका लोकसभा क्षेत्र में दौरा कर भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कहा कि देश की बागडोर मजबूत हाथ में सौंपने के लिए भाजपा को वोट करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 50 साल तक शासन किया लेकिन जब झारखंड के अधिकार की बात आई तो झामुमो के नेताओं ने सौदेबाजी कर झारखंड आंदोलन को कांग्रेस के हाथों बेच दिया। भाजपा ने ही अलग झारखंड बनाने का काम किया है। भाजपा के पास ही झारखंड के विकास का विजन है।
इधर केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने राजमहल लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी ताला मरांडी के पक्ष में संकल्प सभा कर वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो ने यहां की भाषा संस्कृति को खत्म करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता का जीवन आसान और सुखमय हुआ है।