भारतीय जनता पार्टी ने आज विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि संसद के मॉनसून सत्र से पहले इंडिया गठबंधन में मतभेद और विभाजन साफ दिखाई दे रहा है। आज नई दिल्ली में मीडिया के एक प्रश्न के उत्तर में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आम आदमी पार्टी पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह विपक्षी गठबंधन में शामिल नहीं है। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि संसद के आगामी सत्र का सकारात्मकता और सार्थकता के साथ इस्तेमाल करें।
श्री त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय की ओर से मामला दर्ज किए जाने को लेकर राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट की भी आलोचना की। भाजपा प्रवक्ता ने सवाल पूछा कि क्या राहुल गांधी ने सोशल मीडिया में बयान व्यक्तिगत रूप से दिया है या विपक्ष के नेता के रूप में जो कि एक संवैधानिक पद है। श्री त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि श्री गांधी ने अपने परिवार के गलत कार्यों पर पर्दा डालने के लिए विपक्ष के नेता के पद का दुरूपयोग किया।