फ़रवरी 6, 2026 6:43 अपराह्न

printer

भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस शासित पश्चिम बंगाल सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाया

भारतीय जनता पार्टी ने आज तृणमूल कांग्रेस शासित पश्चिम बंगाल सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाया। नई दिल्ली में संवाददाता सम्‍मेलन में पार्टी प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार का बजट तुष्टीकरण और असंतुलित प्राथमिकताओं को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल सरकार ने अपने बजट में अल्पसंख्यक मामलों और मदरसों के लिए 5,700 करोड़ रुपये से अधिक आवंटित किए हैं, जबकि उद्योग और वाणिज्य के लिए केवल 1400 करोड़ रुपये ही रखे गए हैं।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि एक ओर देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है, जो हाल ही में प्रस्तुत केंद्रीय बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। वहीं, दूसरी ओर ममता बनर्जी सरकार के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल तुष्टीकरण की राजनीति में डूबता जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि इसका स्पष्ट उदाहरण पश्चिम बंगाल सरकार के बजट में दिखाई देता है।