अक्टूबर 20, 2024 3:10 अपराह्न

printer

भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी धनवार सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि झामुमो से भाजपा में शामिल हुए चंपाई सोरेन सरायकेला से और सीता सोरेन जामताड़ा से चुनाव लड़ेंगी।

 

वहीं, चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को घाटशिला से भाजपा ने टिकट दिया है। इधर, रांची सीट से सीपी सिंह और हटिया से नवीन जायसवाल पर पार्टी ने भरोसा जताया है। इस बार कांके विधायक समरीलाल, जमुआ विधायक केदार हाजरा और सिमरिया विधायक किशुन दास को पार्टी ने टिकट नहीं दिया है। कांके से जीतू चरण राम, सिमरिया से उज्जवल दास और जमुआ से मंजू देवी को टिकट मिला है।

 

वहीं बेरमो सीट से पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय को टिकट मिला है। गांडेय सीट से मुनिया देवी को मैदान में उतारा गया है। यहां इनका मुकाबला कल्पना सोरेन से होगा। भाजपा ने जमशेदपुर पूर्वी सीट से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की बहू पूर्णिमा दास को मौका दिया है। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र पोटका से पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को मौका दिया है।