भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड विधानसभा चुनाव आजसू पार्टी, जदयू और लोजपा के साथ मिलकर लड़ने का फैसला किया है। रांची में आज एनडीए घटक दलों की संयुक्त प्रेस वार्ता में सीट शेयरिंग के फार्मूले की घोषणा की गयी।
भाजपा के प्रदेश चुनाव सह प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा ने पत्रकारों को बताया कि गठबंधन के तहत आजसू पार्टी को 10, जदयू को दो और लोजपा-रामविलास को एक सीट दी गयी है। शेष सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवार उतारेगी।
मौके पर मौजूद भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह एक मजबूत गठबंधन है, जो आने वाले चुनाव में राज्य की वर्तमान सरकार को उखाड़ फेकेंगी।
आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश कुमार महतो ने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल संगठित होकर चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। श्री महतो ने दावा किया कि वर्तमान सरकार की विफलता ही एनडीए की सफलता का आधार बनेगी।