भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकारें कुशासन और भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। नई दिल्ली में पार्टी प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि देश के नौ पर्वतीय राज्यों में हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति सबसे खराब है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश में दूसरा सबसे अधिक प्रति व्यक्ति कर्ज वाला राज्य बन गया है। श्री शुक्ला ने कहा कि कर्नाटक में परिवहन कर्मचारियों का वेतन उनके खातों में जमा नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें हड़ताल पर जाना पड़ा। उन्होंने कर्नाटक में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया और दावा किया कि राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के परिवार के सदस्य राज्य में भूमि घोटालों में शामिल हैं। उन्होंने कथित भूमि घोटाले में श्री खड़गे के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की।