फ़रवरी 21, 2026 1:28 अपराह्न

printer

भाजपा की दिल्ली इकाई ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया

भारतीय जनता पार्टी ने नई दिल्ली में आयोजित इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट के आयोजन स्थल पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की है।

पार्टी की दिल्ली इकाई ने आज नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पार्टी ने यह विरोध-प्रदर्शन कल इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हंगामे के विरोध में किया।

इधर, नई दिल्ली में संवाददाताओं से बात करते हुए आज पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस के इस कृत्य से पूरा देश आहत और विचलित है।

प्रवक्‍ता ने कहा कि यह समिट सभी के लिए गर्व की बात है। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह से पार्टी ने अपनी प्रतिष्ठा खोई है, वह बेहद शर्मनाक है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस की इस हरकत को महज नकारात्मक राजनीति कहकर खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का यह आचरण राष्ट्र के प्रति अपमान के समान है।

प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्‍द्र सचदेवा के नेतृत्व में सांसद मनोज तिवारी तथा अन्य नेताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।

इस अवसर पर श्री तिवारी ने कहा कि कांग्रेस ने देश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है और देश की जनता इसको माफ नहीं करेगी।

श्री तिवारी ने आरोप लगाया कि पार्टी की नफरत केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अब देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को धूमिल करने का जरिया बन गई है।