भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज से पश्चिमी यूपी में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार की शुरुआत की। उन्होंने आज तीन जिलों में प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलनों को संबोधित किया। श्री योगी ने मथुरा में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करने से पहले श्रीकृष्ण जन्मस्थान में ठाकुरजी की पूजा अर्चना की। प्रबुद्ध सम्मेलन में श्री योगी ने ब्रजवासियों को सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि आज ब्रज क्षेत्र में विकास हो रहा है।
मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में प्रबुद्ध जनों से संवाद में भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने मेरठ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अरुण गोविल का प्रबुद्धजनों से परिचय कराया। इस मौके पर श्री योगी ने कहा कि सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मेरठ में जो विकास कार्य कराए, अब उस सफर को अरुण गोविल आगे बढ़ाएंगे।
इसके बाद गाजियाबाद में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री योगी ने कहा कि पहले गाजियाबाद अपराध और गंदगी के लिए जाना जाता था, आज गाजियाबाद स्मार्ट सिटी के लिए जाना जाता है।